गौचर : 99वीं रामलीला का मंचन संपन्न, श्रीराम के राजतिलक पर भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

Team PahadRaftar

केएस असवाल गौचर। पनाई रामलीला मंडली की ओर से रामलीला मैदान गौचर में आयोजित 99वीं रामलीला का समापन रविवार देर शाम भगवान श्रीराम के भव्य राजतिलक एवं राज्याभिषेक समारोह के साथ हो गया। अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने राम, लक्ष्मण, माता सीता, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान की आकर्षक झांकियों के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

30 मई से शुरू हुई रामलीला के समापन अवसर पर कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राम की भूमिका में विवेक जोशी, लक्ष्मण के रूप में जयवीर भंडारी, माता सीता के पात्र में आर्यन नेगी, भरत के रूप में अरव बिष्ट, शत्रुघ्न के रूप में कार्तिकेय लिंगवाल और हनुमान के पात्र में लक्ष्मण भंडारी ने सराहनीय अभिनय किया।

संगीत पक्ष में हारमोनियम पर मंगल सिंह बिष्ट और पंडित गिरीश जोशी तथा तबले पर उमराव सिंह नेगी ने रामलीला को जीवंत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, रामलीला मंडली के अध्यक्ष सूबेदार उमराव सिंह नेगी, रघुनाथ सिंह बिष्ट, राकेश लिंगवाल, महावीर सिंह बिष्ट, बीरेंद्र सिंह नेगी, बलवंत सिंह बिष्ट, पंडित अनुसूया प्रसाद जोशी, जयपाल सिंह बिष्ट, पंकज भंडारी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

युवाओं को दी संस्कृति बचाने की सीख

करीब 80 वर्षों से गौचर की रामलीला देख रही कमला देवी, कलावती देवी, अनुसूया देवी, उमा देवी, मनोरमा देवी, देवकी देवी और शेर सिंह नेगी ने कहा कि रामलीला हमारी सांस्कृतिक विरासत की पहचान है। उन्होंने युवाओं से इस परंपरा को आगे बढ़ाने और अपनी पौराणिक संस्कृति को संजोकर रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में भी रामलीला जैसी लोक परंपराओं का संरक्षण जरूरी है।

गौचर में अगले वर्ष रामलीला के शताब्दी वर्ष के आयोजन को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : बदरीनाथ धाम पहुंचे मुकेश अंबानी, मंदिर समिति को दिए 5 करोड़ रुपये

संजय कुंवर बदरीनाथ। देश के प्रमुख उद्योगपति ने सोमवार को भू-बैकुंठ नगरी पहुंचकर भगवान श्री बदरी विशाल के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया। सोमवती अमावस्या तथा पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन उन्होंने श्री हरि नारायण के चरणों में श्रद्धा अर्पित कर पुण्य लाभ अर्जित किया। धाम प्रवास […]

You May Like