चमोली : बेस अस्पताल सिमली की मांग पर एक मंच पर आए पक्ष-विपक्ष, मुकेश नेगी ने दिया सत्याग्रह को समर्थन

Team PahadRaftar

केएस असवाल कर्णप्रयाग : सिमली में बेस अस्पताल की स्थापना, स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति और चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग को लेकर चल रहे सत्याग्रह को मंगलवार को पक्ष और विपक्ष दोनों का समर्थन मिला। चमोली कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने धरना स्थल पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया और सरकार से जनहित में जल्द निर्णय लेने की मांग की।

प्रधान संघ चमोली के जिलाध्यक्ष उमेश खंडूरी के नेतृत्व में पांच जून से सिमली में सत्याग्रह जारी है। आंदोलनकारी क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं।

धरना स्थल पर मुकेश नेगी ने कहा कि जनपद चमोली में स्वास्थ्य सेवाओं की खस्ता हालत किसी से छिपी नहीं है। सिमली में बेस अस्पताल की मांग लंबे समय से की जा रही है। इसके बावजूद अब तक क्षेत्रवासियों को अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को बेस अस्पताल की स्थापना के साथ ही पर्याप्त स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति और जरूरी उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

सत्याग्रह को भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सतीश लखेड़ा, ज्येष्ठ प्रमुख नारायणबगड़ देवराज रावत, कांग्रेस आईटी प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मण पटवाल समेत विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने भी समर्थन दिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा राजनीति से ऊपर है और क्षेत्र की जनता के हित में सभी को एकजुट होकर प्रयास करने चाहिए।

आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक सत्याग्रह जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से सिमली में बेस अस्पताल की स्थापना को प्राथमिकता देने की मांग की।

Next Post

गौचर : मिनी स्टेडियम का तीसरी बार भूमिपूजन चुनावी स्टंट : मुकेश नेगी

संवाद सहयोगी, गौचर : कर्णप्रयाग विधानसभा सीट से वर्ष 2022 में कांग्रेस प्रत्याशी रहे मुकेश नेगी ने गौचर मैदान में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम के भूमिपूजन को चुनावी स्टंट करार दिया है। उन्होंने कहा कि एक ही परियोजना का बार-बार भूमिपूजन कर भाजपा सरकार और क्षेत्रीय विधायक जनता को गुमराह करने […]

You May Like