जनता मिलन में सुनीं 106 शिकायतें, 15 दिन में वास्तविक समस्याओं के निस्तारण के निर्देश
केएस असवाल गोपेश्वर। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय नियमित रूप से फील्ड में भ्रमण करने और मौके पर पहुंचकर जनसमस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि शिकायतों को सिर्फ पत्राचार तक सीमित न रखा जाए। अधिकारी मौके पर जाकर समस्या की वास्तविकता जांचें और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

जनता मिलन में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों और आमजन की 106 शिकायतें सुनी गईं। आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो मामले तत्काल हल नहीं हो सकते, उनका नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण किया जाए। वास्तविक शिकायतों का निस्तारण अधिकतम 15 दिन के भीतर करने के निर्देश भी दिए।
शिकायतकर्ता को एंबुलेंस से भेजा अस्पताल
जस्यारा निवासी रणजीत लाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना में आपत्ति के साथ पैर की बीमारी से संबंधित समस्या भी बताई। आयुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारी को कलेक्ट्रेट में एंबुलेंस बुलाकर शिकायतकर्ता को जिला अस्पताल पहुंचाने और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं आवास योजना के मामले में एसडीएम कर्णप्रयाग को पात्रता की जांच करने को कहा।
जस्यारा निवासी सोवती देवी ने विवाह सहायता योजना का लंबित प्रकरण उठाया। आयुक्त ने श्रम अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए नियमानुसार अनुदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
भू-धंसाव की समस्या पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
ब्रह्मसैण निवासी उषा देवी ने भू-धंसाव रोकने की मांग रखी। आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग से जानकारी ली। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा कार्य शुरू कर दिया गया है। आयुक्त ने कहा कि यदि प्रस्ताव उनके स्तर से स्वीकृत होना है तो औपचारिकताएं पूरी कर प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि धनराशि की स्वीकृति तत्काल दी जा सके।
नैग्वाड़ निवासी सच्चिदानंद तिवाड़ी ने अवैध अतिक्रमण हटाने और कृषि लीज पट्टा भूमि का मामला उठाया। आयुक्त ने एसडीएम को भूमि की पैमाइश और तहसीलदार को पट्टे की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य शिविर लगाने के भी निर्देश
आयुक्त ने जनता मिलन कार्यक्रमों के साथ स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को कहा। उन्होंने कहा कि दूरदराज से अपनी समस्याएं लेकर आने वाले लोगों को शिकायतों के समाधान के साथ आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं भी मिलनी चाहिए।
कुजौ मैकोट निवासी अजय भंडारी ने किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। आयुक्त ने मुख्य कृषि अधिकारी को नियमानुसार जांच कर पात्र किसान को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
देवर खडोरा निवासी विजया देवी ने भरण-पोषण भत्ता और आवास की समस्या रखी। आयुक्त ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से अधिवक्ता उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और पेंशन की कार्रवाई के निर्देश दिए।
मनरेगा भुगतान समेत कई मामले उठे
ग्राम प्रधान संगठन ने मनरेगा भुगतान और विलेज डेवलपमेंट प्लान से जुड़ी समस्याएं रखीं। सुभाष नगर निवासी अनुसूया प्रसाद ने नाली से दूषित पानी की समस्या बताई। आयुक्त ने जल संस्थान और संबंधित अधिकारी को मौके पर सर्वे कर स्थायी समाधान के निर्देश दिए।
सुशीला देवी की जल मित्र से संबंधित शिकायत पर जिला पंचायत राज अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने, जबकि उस्तोली निवासी यदुवीर सिंह रावत की पंचायत भवन से जुड़ी समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जनता मिलन में मिली शिकायतों का निस्तारण कागजों में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए। इसके लिए अधिकारी अपने क्षेत्रों में फील्ड विजिट बढ़ाएं और ग्रामीणों से सीधा संवाद करें।
इस दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उप वन संरक्षक बद्रीनाथ प्रणाली रमेश, उप वन संरक्षक केदारनाथ रजत सुमन, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
