महर्षि चरक जयंती पर सिमल्ट में लगा निश्शुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर
केएस असवाल कर्णप्रयाग। महर्षि चरक जयंती के उपलक्ष्य में विकासखंड कर्णप्रयाग के सिमल्ट गांव में निश्शुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 18 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान कई लोग मधुमेह, उच्च रक्तचाप, संधिगत वात, अम्लपित्त और उदर संबंधी विकारों से ग्रसित पाए गए। चिकित्सकों ने उन्हें उपचार के साथ ही खानपान और दिनचर्या में बदलाव की सलाह दी।

शिविर में डा. हिमांशु डिमरी ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया। फार्मेसी अधिकारी संजोग कुमार ने रक्तचाप और रक्त शर्करा की जांच की तथा मरीजों को निश्शुल्क औषधियां वितरित कीं। योग अनुदेशक सतेंद्र कुमार ने रोगियों को संबंधित बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी जानकारी देते हुए ब्रोशर व आईईसी सामग्री वितरित की।

डा. हिमांशु डिमरी ने कहा कि क्षेत्र में आयुर्वेदिक चिकित्सा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ रही है। ग्रामीण स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति भी रुचि दिखा रहे हैं।
राजकीय चिकित्सालय में भी मनाई चरक जयंती
इससे एक दिन पूर्व 17 अगस्त को चमोला स्थित राजकीय चिकित्सालय में महर्षि चरक जयंती मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वस्तिवाचन और दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद पुष्प एवं नैवेद्य अर्पित कर आचार्य चरक का स्मरण किया गया।
शिविर में पूनम देवी शिमल्टी, गिरीश शिमल्टी, प्रकाश चंद शिमल्टी, इंदु शिमल्टी, दिनेश चंद और हेमंती कंडारी समेत 18 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
