
केएस असवाल गौचर। कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग की ओर से अग्निवीर योजना के विरोध में चलाया जा रहा जनजागरण अभियान सोमवार को गौचर पहुंचा। रामलीला मैदान में आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना को युवाओं और देश की सुरक्षा के लिए नुकसानदायक बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। इस दौरान कई पूर्व सैनिकों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल रामरतन नेगी ने कहा कि अग्निवीर योजना लागू कर केंद्र सरकार ने विशेषकर उत्तराखंड के युवाओं के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि पहले सेना में भर्ती होने वाले जवान सम्मानजनक सेवा के बाद पेंशन और अन्य सुविधाओं के साथ घर लौटते थे, लेकिन अग्निवीर योजना में चार वर्ष बाद युवाओं को बिना पेंशन और सामाजिक सुरक्षा के घर भेजा जाएगा। उन्होंने पूर्व सैनिकों और सैनिक विधवाओं से इस योजना के विरोध में एकजुट होने का आह्वान किया।
नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने कहा कि अग्निवीर योजना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने युवाओं से आगामी चुनाव में इस मुद्दे पर एकजुट होकर निर्णय लेने की अपील की।
रानीगढ़ गौरव सैनिक संगठन के अध्यक्ष वीरपाल नेगी ने कहा कि जो लोग अग्निवीर योजना का समर्थन कर रहे हैं, उन्हें पहले अपनी पेंशन छोड़नी चाहिए।
पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने आरोप लगाया कि अग्निवीर योजना उत्तराखंड के युवाओं के साथ छलावा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर इस योजना को समाप्त कर पहले की तरह नियमित सैन्य भर्ती व्यवस्था बहाल की जाएगी। साथ ही कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर योजना की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी ने कहा कि अग्निवीर योजना सरकार का छिपा हुआ एजेंडा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे गढ़वाल और कुमाऊं रेजीमेंट जैसी गौरवशाली सैन्य परंपराओं पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस योजना को समाप्त कराने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से जनसमर्थन जुटाना होगा।
कार्यक्रम के दौरान हरीश बहुगुणा, रणजीत चौधरी और रमेश कोहली सहित कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष रामरतन नेगी, जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी तथा अन्य नेताओं ने नए सदस्यों का फूल-माला और पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।
सभा में पूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष बचन सिंह नेगी, प्रदेश सचिव गोपाल सिंह गढ़िया, प्रदेश महामंत्री हरिकृष्ण भट्ट, महेश खंडूड़ी, सुभाष रावत, ईश्वरी मैखुरी, अजय किशोर भंडारी, देवेंद्र भंडारी, गौतम मिंगवाल, जीत सिंह बिष्ट, ओमप्रकाश मिश्रा, प्रताप सिंह खत्री, रविंद्र बर्तवाल, पुष्कर रावत, लक्ष्मण बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

