गोपेश्वर : इंस्पायर अवार्ड में चमोली ने हासिल किया शत-प्रतिशत नामांकन

Team PahadRaftar

520 विद्यालयों के 2518 विद्यार्थियों ने भेजे नवाचारी विचार, 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का मिलेगा अवसर

केएस असवाल

गोपेश्वर। विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में चमोली ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार की इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत जिले के सभी 520 पात्र विद्यालयों ने शत-प्रतिशत नामांकन कराया है। विद्यालयों के 2518 छात्र-छात्राओं के नवाचारी विचार इंस्पायर पोर्टल पर अपलोड किए गए हैं।

जिला समन्वयक गंभीर सिंह असवाल ने बताया कि यू-डाइस में पंजीकृत राजकीय, अशासकीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थियों के नवाचार निर्धारित अंतिम तिथि 15 सितंबर तक पोर्टल पर अपलोड किए गए। इसके साथ ही चमोली ने राज्य में शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य पूरा किया।

इंस्पायर अवार्ड मानक का उद्देश्य कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना है। विद्यार्थी स्थानीय और दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अपने अभिनव विचार प्रस्तुत करते हैं।

नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन की ओर से उत्कृष्ट विचारों का चयन किया जाता है। चयनित विद्यार्थियों को अपने नवाचार का मॉडल या प्रोटोटाइप तैयार करने के लिए 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। बेहतर नवाचारों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी व प्रतियोगिताओं में भी स्थान मिलता है।

जिला समन्वयक ने कहा कि स्थानीय समस्याओं पर आधारित विद्यार्थियों के नवाचार भविष्य में समाज के लिए उपयोगी तकनीकी समाधान बन सकते हैं। शत-प्रतिशत नामांकन पर मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं डायट प्राचार्य आकाश सारस्वत ने जिला व ब्लॉक समन्वयकों, संस्थाध्यक्षों और शिक्षकों को बधाई दी।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : विधायक चैंपियनशिप ट्राफी का रंगारंग आगाज

ऊखीमठ में खेल प्रतिभाओं को मिला मंच, विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवा लक्ष्मण नेगी  ऊखीमठ। ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से युवा कल्याण विभाग की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज ऊखीमठ के खेल मैदान में विधायक चैंपियनशिप ट्राफी का रंगारंग शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में […]

You May Like