
पैनखंडा के लोगों ने चेतावनी रैली निकालकर जताया आक्रोश, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल; प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
संजय कुंवर
ज्योतिर्मठ : केदारनाथ घाटी से लापता सलूड़ डुंग्रा गांव निवासी प्रमोद सिंह रावत का तीन माह से अधिक समय बीतने के बाद भी कोई सुराग नहीं लगने से पैनखंडा क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। युवक की गुमशुदगी और जांच में कथित ढिलाई से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को ज्योतिर्मठ में चेतावनी रैली निकालकर सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच तेज करने और परिजनों को अब तक की कार्रवाई की जानकारी देने की मांग की।

सलूड़ डुंग्रा निवासी मुकेश सिंह रावत ने ज्ञापन में बताया कि उनका छोटा भाई प्रमोद सिंह रावत केदारनाथ घाटी में घोड़ा-खच्चर संचालन का काम करता था। उसके साथ नंदानगर घाट क्षेत्र के स्यारी बंगारी निवासी मदन सिंह भी काम करता था। दोनों 26 अगस्त 2026 तक सोनप्रयाग में साथ थे। इसी दिन रात को घोड़ा-खच्चर चोरी के आरोप में सोनप्रयाग थाने में शिकायत दर्ज हुई थी। पुलिस ने इस मामले में मदन सिंह को गिरफ्तार किया था।
ज्ञापन के अनुसार, गिरफ्तारी से पहले प्रमोद 4 से 6 सितंबर तक मदन सिंह के घर पर उसके साथ रह रहा था। इसी दौरान छह सितंबर को प्रमोद ने फोन पर अपनी पत्नी को बताया था कि उसे मदन सिंह और सुरेंद्र सिंह से खतरा है। उसने पत्नी से यह भी कहा था कि यदि उसे कुछ हो जाता है तो इन दोनों को पकड़वाना। इसके बाद से प्रमोद का मोबाइल फोन बंद है और उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की। इस दौरान सुरेंद्र सिंह से पूछताछ करने पर उसने कथित तौर पर बताया कि पांच सितंबर की रात आठ बजे तक तीनों मदन सिंह के घर पर ही थे। इसके बाद प्रमोद कहां गया, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।
तीन माह बाद भी जांच की जानकारी नहीं मिलने पर नाराजगी
मुकेश सिंह रावत ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि तीन माह से अधिक समय बीतने के बावजूद पुलिस ने अब तक की जांच की जानकारी प्रमोद की पत्नी और परिजनों को नहीं दी है। उन्होंने प्रशासन से प्रमोद की गुमशुदगी की एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने और पुलिस की ओर से अब तक की गई जांच का ब्योरा देने की मांग की।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। वहीं ज्ञापन में 10 दिन के भीतर एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने और जांच की प्रगति से परिजनों को अवगत कराने की मांग रखी गई है।
परिजनों ने प्रमोद की पत्नी की आर्थिक स्थिति और परिवार के भरण-पोषण में आ रही परेशानियों का हवाला देते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि तीन महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी युवक का पता नहीं चलना गंभीर चिंता का विषय है। अब उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि प्रमोद की तलाश के लिए ठोस कार्रवाई चाहिए।
इस अवसर पर पैनखंडा संघर्ष समिति अध्यक्ष भरत सिंह कुंवर, ग्राम प्रधान सुनीता देवी, पेंग के प्रधान दीपक राणा, प्रधान रीना देवी, अजीत कुंवर, विक्रम फर्स्वाण, लक्ष्मण सिंह बुटोला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर प्रमोद सिंह की सकुशल तलाश और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

