
अधिकांश दुकानें हटीं, कूड़े से पटा मेला मैदान; सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
केएस असवाल गौचर : 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का समापन हुए तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन मेला मैदान में अब भी कुछ बाहरी व्यापारियों की दुकानें सजी हैं। इन दुकानों पर सामान सस्ता मिलने की उम्मीद में स्थानीय लोगों के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी खरीदार पहुंच रहे हैं। वहीं, अधिकांश दुकानों के हटने के बाद मेला मैदान कूड़े-कचरे से पट गया है।
गौचर मेले के समापन के बाद दुकानदारों की ओर से सामान कम दामों पर बेचने की परंपरा वर्षों पुरानी है। इसी वजह से मेले के समापन के बाद भी खरीदारी का सिलसिला जारी है। दुकानदार बचे हुए सामान को कम कीमत पर बेच रहे हैं। इससे मैदान में अभी भी ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है।
उधर, मेले के दौरान रंग-बिरंगी दुकानों, झूलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गुलजार रहने वाले मैदान की तस्वीर अब बदली नजर आ रही है। जगह-जगह प्लास्टिक, कागज और अन्य कचरा बिखरा पड़ा है। अधिकांश दुकानें हटने के बाद मैदान की बदहाल स्थिति सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मेले के आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाता है, लेकिन समापन के बाद मैदान की सफाई को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई दे रही है। लोगों ने नगर पालिका और मेला प्रशासन से मैदान में विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है। साथ ही व्यापारियों से भी मैदान को स्वच्छ छोड़ने की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई है।
