
मायके सलुड़-डुंगरा से विदाई लेकर पहुंचीं मां नंदा, पारंपरिक वेशभूषा में ध्याणी-बेटियों ने किए दर्शन, पौराणिक जागरों और देव नृत्यों ने बांधा समां

संजय कुंवर
परसारी (ज्योतिर्मठ)। ज्योतिर्मठ विकासखंड की धौली गंगा घाटी के लाता गांव की आराध्य देवी सिद्धपीठ मां नंदा देवी की चार दशक बाद आयोजित हो रही राणी देवरा यात्रा अंतिम चरण में पहुंच गई है। रविवार को मायके सलुड़-डुंगरा से विदाई लेकर मां नंदा की देवरा यात्रा परसारी गांव पहुंची। यहां नवयुवक मंगल दल की ओर से देवरा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। मां नंदा के आगमन पर गांव में एक दिवसीय बिखौती मेले का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

मेले में क्षेत्र की मातृशक्ति के साथ ध्याणी-बेटियों की विशेष भागीदारी देखने को मिली। पारंपरिक पहाड़ी वेशभूषा में पहुंचीं महिलाओं और बेटियों ने मां नंदा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। अपनी आराध्य देवी के स्वागत और दर्शन के लिए पहुंचीं ध्याणी-बेटियों की मौजूदगी ने मेले की रौनक बढ़ा दी। चार दशक बाद आयोजित हो रही इस देवरा यात्रा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
बिखौती मेले में पौराणिक जागरों और पारंपरिक देव नृत्यों की धूम रही। करीब 18 पौराणिक मुखौटों के साथ विभिन्न देवी-देवताओं को समर्पित देव नृत्यों का आयोजन किया गया। जागरों की गूंज और पारंपरिक नृत्यों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा गांव भक्तिमय माहौल में नजर आया।

मां नंदा की राणी देवरा यात्रा क्षेत्र की धार्मिक आस्था के साथ गढ़वाल की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं का भी प्रतीक है। चार दशक बाद आयोजित हो रहा यह धार्मिक आयोजन ध्याणी-बेटियों के मायके से भावनात्मक जुड़ाव और पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी बन रहा है।

