
होमस्टे, ट्रैकिंग और स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग से आजीविका बढ़ाने की पहल
रिपोर्ट : रघुबीर नेगी
ज्योतिर्मठ : उर्गमघाटी के सलना गांव में प्रकृति पर्यटन को बढ़ावा देने और ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित करने को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क ज्योतिर्मठ और जनदेश संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण में ग्रामीणों को होमस्टे संचालन, ट्रैकिंग और प्रकृति पर्यटन से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में मुख्य प्रशिक्षक लक्ष्मण सिंह नेगी ने कहा कि उर्गमघाटी में ट्रैकिंग और प्रकृति पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। स्थानीय युवा और ग्रामीण इन गतिविधियों को आजीविका का माध्यम बना सकते हैं। इसके लिए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ उनकी ब्रांडिंग और बाजार तक पहुंच बनाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि सलना गांव चिपको आंदोलन से जुड़ी ऐतिहासिक पहचान रखता है। ग्राम पंचायत ल्यारी थैणा के इस गांव की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक विरासत को पर्यटन से जोड़कर देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुंचाया जा सकता है। इसके लिए गांव का प्रचार-प्रसार करने के साथ पारंपरिक भवनों और स्थानीय संस्कृति का संरक्षण भी जरूरी है।
वन बीट अधिकारी पुष्कर सिंह रावत ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के साथ ग्रामीणों को अपने पारंपरिक ज्ञान और स्थानीय संसाधनों को भी संरक्षित रखना चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान वन पंचायत सरपंच देवेश्वरी मेहरा ने भी अपने विचार रखे।
प्रशिक्षण में ग्रामीणों ने होमस्टे संचालन को बढ़ावा देने, ट्रैकिंग गतिविधियों के विकास, कूड़ा प्रबंधन और स्थानीय लोक ज्ञान के संरक्षण के लिए मिलकर काम करने की बात कही। कार्यक्रम में 25 से अधिक ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर जगत सिंह पंवार, विनोद चौहान, प्रकाश पंवार, भादी देवी, राधा देवी, पूर्वा देवी, लक्ष्मण सिंह और वीरेंद्र सिंह चौहान सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

