
राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत लस्यारी, दुर्मी और गौणा शक्ति केंद्रों में हुई बैठकें, पूर्व जिलाध्यक्ष रघुवीर बिष्ट ने कार्यकर्ताओं से किया जनसंपर्क का आह्वान
चमोली : उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत भाजपा ने गांवों में जनसंपर्क अभियान तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में शक्ति केंद्र लस्यारी, दुर्मी और गौणा में आयोजित बैठकों में राज्य निर्माण के संघर्ष से लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं तक पर चर्चा हुई। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

बैठकों में मुख्य वक्ता भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य गठन के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने प्रदेश को विशेष औद्योगिक एवं आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज दिया। इससे राज्य में औद्योगिक निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद उत्तराखंड में विकास कार्यों को नई गति मिली। चारधाम ऑल वेदर रोड और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है। इससे पर्यटन, परिवहन और स्थानीय कारोबार के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।
बिष्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। लखपति दीदी, घस्यारी कल्याण, हर घर नल से जल, प्रधानमंत्री आवास, किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं से आमजन को लाभ मिल रहा है।
बूथ स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर
पूर्व जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल योजनाओं का प्रचार करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि कोई पात्र परिवार उनके लाभ से वंचित न रहे। गांवों में विकास कार्यों से जुड़ी समस्याओं और लंबित शिकायतों के समाधान के लिए भी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
बैठकों में मंडल दशोली अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम सिंह बर्त्वाल, मंदीप सिंह फरस्वाण, गजेंद्र सिंह असवाल, डीसीबी चेयरमैन गजेंद्र सिंह रावत, मंडल अध्यक्ष दीपक पंत, जिला पंचायत सदस्य संतोषी, किसान मोर्चा जिला महामंत्री गुड्डू सिंह बिष्ट, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत, भरत सिंह राणा, प्रधान राजीव सहित लक्ष्मण सिंह खत्री, लक्ष्मण सिंह खाती, करण सिंह, हुकुम सिंह बर्त्वाल, आरती भगत, सौरभ भगत और सौरभ सैंजवाल मौजूद रहे। तीनों शक्ति केंद्रों के संयोजक, बूथ अध्यक्ष और बूथ समितियों के सदस्यों ने भी प्रतिभाग किया।
बैठक के समापन पर कार्यकर्ताओं ने जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक गांव और परिवार तक पहुंचाने तथा विकास की मुख्यधारा से छूटे लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

