देहरादून : पहाड़ के विकास को समर्पित जीवन का सफर थमा, पद्मश्री डॉ. ललित पाण्डेय का निधन

Team PahadRaftar

78 वर्ष की आयु में अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में ली अंतिम सांस, जन्मदिन के दिन ही दुनिया को कहा अलविदा; पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास में रहा अतुलनीय योगदान

अल्मोड़ा। उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाले पद्मश्री डॉ. ललित पाण्डेय का रविवार को निधन हो गया। उन्होंने 78 वर्ष की आयु में अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में अंतिम सांस ली। विडंबना देखिए कि जिस दिन उनका जन्मदिन था, उसी दिन उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन से प्रदेश के सामाजिक, शैक्षिक और पर्यावरणीय क्षेत्र में शोक की लहर है।

डॉ. ललित पाण्डेय उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने विदेशों में बेहतर अवसर और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद पहाड़ लौटकर समाज के लिए काम करने का रास्ता चुना। आईआईटी दिल्ली, मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) और पर्ड्यू विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद वर्ष 1984 में वह अल्मोड़ा लौट आए। इसके बाद उन्होंने अपना जीवन उत्तराखंड के ग्रामीण समाज और पहाड़ों के विकास के लिए समर्पित कर दिया।

उत्तराखंड सेवा निधि के माध्यम से उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में व्यापक काम किया। विद्यालयों में पर्यावरण शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ ही ग्रामीण पुस्तकालयों और बालवाड़ियों की स्थापना, महिला सशक्तीकरण, जल एवं स्वच्छता, वनीकरण, कृषि और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण पहल की। उनके प्रयासों से प्रदेश के सैकड़ों गांवों में सामाजिक और शैक्षिक बदलाव की राह प्रशस्त हुई।

जमीनी स्तर पर उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2007 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा था। इसके अलावा आईआईटी दिल्ली ने भी उन्हें विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान से सम्मानित किया था।

डॉ. पाण्डेय का जीवन इस बात की मिसाल रहा कि उच्च शिक्षा और वैश्विक अनुभव का उपयोग अपने समाज के उत्थान के लिए भी किया जा सकता है। उन्होंने पहाड़ में रहकर स्थानीय समुदायों के साथ काम किया और विकास की ऐसी अवधारणा को आगे बढ़ाया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के साथ शिक्षा और ग्रामीण आत्मनिर्भरता को भी महत्व दिया गया।

विज्ञान एवं तकनीकी विषयों के जानकार और दून विश्वविद्यालय में कार्यरत डॉ. हरीश चन्द्र अन्डोला ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ. ललित पाण्डेय का जाना उत्तराखंड के सामाजिक, शैक्षिक और पर्यावरणीय क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका समर्पित जीवन और उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को समाज के लिए काम करने की प्रेरणा देते रहेंगे।

डॉ. हरीश चन्द्र अन्डोला विज्ञान एवं तकनीकी विषयों के जानकार, दून विश्वविद्यालय

Leave a Reply

Next Post

गोपेश्वर : दशोली में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाया हस्ताक्षर अभियान, लोगों से किया जनसंपर्क

चार मंत्रियों पर लगाए कथित भ्रष्टाचार के आरोप, अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने का मुद्दा भी उठाया चमोली : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष हस्ताक्षर अभियान के तहत रविवार को दशोली ब्लॉक मुख्यालय चमोली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों से संपर्क कर हस्ताक्षर करवाए। […]

You May Like