चौड़ व उर्खोली के जंगलों में भीषण आग, लाखों की वन संपदा राख
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : तल्लानागपुर क्षेत्र की न्याय पंचायत चोपता अंतर्गत चौड़ और उर्खोली के जंगलों में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है। पिछले दो दिनों से धधक रही वनाग्नि के चलते लाखों रुपये की वन संपदा जलकर राख हो गई। जंगलों में उठती आग की लपटों और धुएं से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार तेज हवाओं और सूखे मौसम के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की चपेट में चीड़, बांज और बुरांश सहित विभिन्न प्रजातियों के पेड़-पौधे आ गए हैं। वहीं वन्य जीवों के प्राकृतिक आवास को भी नुकसान पहुंचा है।
उर्खोली के प्रधान ने बताया कि आग की सूचना समय रहते वन विभाग को दे दी गई थी, लेकिन दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत कार्य प्रभावित रहा। ग्रामीण खुद आग बुझाने में जुटे हैं। कई स्थानों पर लोगों ने पेड़ों की टहनियों और हरे पौधों की मदद से आग फैलने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के चलते सफलता नहीं मिल पा रही है।
स्थानीय ग्रामीण ने बताया कि तेज हवाओं और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के कारण आग पर नियंत्रण पाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लोगों से जंगलों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की।
वनाग्नि से पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और आग बुझाने के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है।

