
क्रॉस कंट्री दौड़ से लेकर बैडमिंटन, शतरंज और कैरम प्रतियोगिताओं का आयोजन, पर्यावरण संरक्षण पर भी हुई गोष्ठी
केएस असवाल
गौचर (चमोली)। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में रविवार को लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। मेले में खेल प्रतियोगिताओं के साथ विभागीय प्रदर्शनियों और विभिन्न गतिविधियों ने खूब आकर्षित किया। वहीं कृषि विभाग के स्टॉल पर पहाड़ के पारंपरिक श्री अन्न से तैयार लजीज व्यंजन लोगों के बीच विशेष आकर्षण बने रहे।

मेले में सुबह आठ बजे पुरुष, महिला और अंडर-17 वर्ग की क्रॉस कंट्री दौड़ आयोजित की गई। मेला मुख्य द्वार से शुरू हुई दौड़ चटवापीपल और हवाई पट्टी मार्ग से होते हुए मेला मैदान में संपन्न हुई। इसके बाद जीआइसी गौचर के बैडमिंटन हॉल में बैडमिंटन, शतरंज और कैरम प्रतियोगिताओं के पहले चरण के मुकाबले खेले गए।

मुख्य पांडाल में नगर पालिका अध्यक्ष संदीप सिंह नेगी की अध्यक्षता में पर्यावरण संरक्षण एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वन कर्मियों को सम्मानित किया गया।
श्री अन्न के व्यंजनों ने मोहा मन
मेले में कृषि विभाग के स्टॉल पर मंडुवा, झंगोरा, कौणी, रामदाना और चीना जैसे पारंपरिक अनाजों से तैयार व्यंजन लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। रामदाना-अखरोट मफिन, झंगोरा बर्फी, कौणी केक और मंडुवे की बाल मिठाई आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं उद्यान विभाग की ओर से कीवी मिशन, एप्पल मिशन और पॉलीहाउस योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
विभाग की ओर से महिला स्वयं सहायता समूहों को श्री अन्न से विभिन्न व्यंजन तैयार करने का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके। मेले में पहाड़ की पारंपरिक खाद्य संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की यह पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

