
विधायक आशा नौटियाल ने किया शुभारंभ, स्कूली बच्चों की लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन; विभागीय स्टालों पर किसानों को दी जा रही योजनाओं की जानकारी
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : चांदधार में पांच दिवसीय तल्लानागपुर कृषि औद्योगिक विकास मेले का रविवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ हो गया। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली लोकगीतों और लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मेले के आगाज के साथ ही चांदधार में रौनक लौट आई है और क्षेत्रीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
उद्घाटन समारोह में विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता के संवाहक हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ ही स्थानीय उत्पादों, कृषि गतिविधियों और क्षेत्रीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि घोंपता-तुंगनाथ-तल्लानागपुर पेयजल योजना के पुनर्गठन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के सभी तीर्थस्थलों को केदारखंड मंदिर माला के तहत विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन्होंने मेला समिति को विधायक निधि से चार लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
जिला पंचायत सदस्य चोपता सम्पन्न नेगी ने कहा कि तल्लानागपुर कृषि औद्योगिक विकास मेला क्षेत्र की पहचान और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। इससे स्थानीय कृषि उत्पादों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन मिलता है। भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने क्षेत्र में कृषि, पर्यटन और स्वरोजगार की संभावनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
मेले के पहले दिन विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली लोकगीतों, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली। वहीं, विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों के माध्यम से काश्तकारों और ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीक और उन्नत बीजों की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मेला समिति अध्यक्ष ललित मोहन मेवाल ने की। उन्होंने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मण बर्त्वाल, गुमान सिंह सजवाण और यशवीर सिंह नेगी ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुनीता बर्त्वाल, गोकुल लाल टमटा, प्रधान सरोजनी देवी, साधना देवी, आजाद खत्री, उत्तम रावत, दलीप सजवाण, अखिलेश नेगी, हेमा देवी, देवेन्द्र भट्ट, शंकर सिंह नेगी, कुंवरी बर्त्वाल, हेमलता नौटियाल, जीत सिंह मेवाल, गजाधर वरिष्ठ, पूर्ण सिंह नेगी, अमित प्रदाली, दलवीर सिंह राणा, दुर्गा करासी, मीनाक्षी बर्त्वाल, सतेन्द्र बर्त्वाल, सरला भट्ट, मानवेन्द्र कुमार, मेला सचिव बीरेंद्र कुनियाल, सह सचिव योगम्बर सिंह रावत, कोषाध्यक्ष यशपाल सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

