बदरीनाथ : फूलों से महका बदरीनाथ धाम, धनतेरस से दीपावली तक मनेगा दीपोत्सव

Team PahadRaftar

संजय कुंवर, बदरीनाथ धाम

भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम में दीपोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भगवान बदरी विशाल का मंदिर गेंदे, चंपा और चमेली के फूलों से सजाया जा रहा है। फूलों की आकर्षक सजावट से सिंहद्वार सहित पूरा मंदिर परिसर दिव्य छटा बिखेर रहा है। धाम पहुंच रहे श्रद्धालु मंदिर के इस मनोहारी स्वरूप को निहारकर अभिभूत हो रहे हैं।

धनतेरस से दीपावली तक बदरीनाथ धाम में उत्सव का माहौल रहेगा। धनतेरस के अवसर पर भगवान बदरी विशाल की बद्रीश पंचायत में विराजमान देवी-देवताओं के साथ भगवान के खजांची कुबेर जी और माता लक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।

मंदिर का पुष्प शृंगार ऋषिकेश की राम विश्वास बदरी नारायण फ्लावर शॉप की ओर से किया जा रहा है। खास बात यह है कि फ्लावर शॉप संचालक के दिवंगत भाई बदरी नारायण की स्मृति में उनके परिजन हर वर्ष बदरीनाथ मंदिर को फूलों से सजाते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी मंदिर परिसर को विभिन्न प्रजातियों के फूलों से भव्य रूप दिया जा रहा है।

फूलों से सजे मंदिर की सुंदरता श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई है। दीपोत्सव के अवसर पर बदरीनाथ धाम में धार्मिक आस्था और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : गौचर मेले में पेंशनर्स संगठन को स्टाल देने की मांग, गोल्डन कार्ड का मुद्दा भी उठाया

केएस असवाल गौचर। सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन शाखा गौचर की आवश्यक बैठक बृहस्पतिवार को संगठन अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पेंशनर्स की समस्याओं और आगामी गौचर मेला-2026 में संगठन की भागीदारी को लेकर चर्चा हुई। बैठक में मांग उठाई गई कि पूर्व वर्षों की भांति इस […]

You May Like