गौचर : धन्वंतरि जयंती पर चमोला में पूजन, सिमल्ट में 15 ग्रामीणों का किया स्वास्थ्य परीक्षण

Team PahadRaftar

आयुष विभाग ने लगाया निश्शुल्क स्वास्थ्य शिविर, ग्रामीणों को दी गई खानपान और दिनचर्या की जानकारी

केएस असवाल 

कर्णप्रयाग/ गौचर : आयुष हेल्थ एंड वेलनेस केंद्र चमोला में शुक्रवार को भगवान धन्वंतरि जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर फल, फूल, माला, नैवेद्य और दीप प्रज्वलित कर विधि-विधान से भगवान धन्वंतरि का पूजन किया गया। स्वस्तिवाचन के साथ सभी के उत्तम स्वास्थ्य और आरोग्य की कामना की गई।

इससे पूर्व उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पांच नवंबर को आयुष विभाग चमोली की ओर से ग्राम सिमल्ट में निश्शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर चमोला की ओर से आयोजित शिविर में करीब 15 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

शिविर में अधिकांश ग्रामीणों में माइग्रेन, मधुमेह, अनिद्रा, तनाव, अम्लपित्त और संधिवात जैसी समस्याएं सामने आईं। चिकित्साधिकारी डॉ. हिमांशु डिमरी ने ग्रामीणों को इन बीमारियों से बचाव और नियंत्रण के लिए पथ्य-अपथ्य की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खानपान में सुधार, नियमित दिनचर्या और ऋतुचर्या अपनाकर कई बीमारियों को नियंत्रित किया जा सकता है। इसके साथ ही ग्रामीणों को आवश्यक औषधीय परामर्श भी दिया गया।

फार्मेसी अधिकारी संजोग कुमार ने निश्शुल्क औषधियों का वितरण किया। शिविर में रक्तचाप, रक्त शर्करा और हीमोग्लोबिन की जांच भी की गई। योग अनुदेशक सतेंद्र ने ग्रामीणों को योग और प्राणायाम के महत्व की जानकारी देते हुए जागरूकता सामग्री वितरित की। शिविर के आयोजन में स्वयंसेवक पवन चमोली ने सहयोग किया।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : तुंगनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, इस यात्रा सीजन में 1.97 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

इस यात्रा सीजन में 1.97 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, चल विग्रह उत्सव डोली प्रथम रात्रि प्रवास के लिए चोपता पहुंची लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : हिमालय में समुद्रतल से सर्वाधिक ऊंचाई पर स्थित तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम के कपाट शुक्रवार को दोपहर 12:30 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार […]

You May Like