जोशीमठ : सत्ता नहीं, समर्पित कार्यकर्ता भाजपा की असली ताकत : रघुवीर सिंह बिष्ट

Team PahadRaftar

बदरीनाथ विधानसभा में गांव-गांव पहुंचकर पुराने कार्यकर्ताओं से कर रहे मुलाकात, संगठन के शुरुआती संघर्षों को किया याद

जोशीमठ : भाजपा की असली ताकत सत्ता नहीं, बल्कि वे समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में संगठन की नींव रखी और उसे मजबूत बनाने के लिए संघर्ष किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुवीर सिंह बिष्ट इन दिनों बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में पुराने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनके योगदान को सम्मान दे रहे हैं।

इस अभियान के तहत वह गांव-गांव पहुंचकर भाजपा के संस्थापक सदस्यों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनका हालचाल जान रहे हैं। साथ ही संगठन के शुरुआती दौर के संघर्षों और पुराने अनुभवों को साझा कर रहे हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं के पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन की जानकारी लेने के साथ संगठन की वर्तमान गतिविधियों पर भी चर्चा की जा रही है।

रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि वर्ष 1980 में भाजपा की स्थापना के समय पार्टी के सामने कई चुनौतियां थीं। उस दौर में कांग्रेस का व्यापक राजनीतिक प्रभाव था और भाजपा की विचारधारा से जुड़ने वाले कार्यकर्ताओं को उपहास का सामना करना पड़ता था। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने हार नहीं मानी और गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने में जुटे रहे।

उन्होंने कहा कि आज भाजपा जिस मुकाम पर पहुंची है, उसके पीछे उन कार्यकर्ताओं का त्याग, तपस्या और समर्पण है, जिन्होंने बिना किसी पद की अपेक्षा के संगठन के लिए काम किया। नई पीढ़ी को इन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के संघर्ष और अनुभवों से प्रेरणा लेनी चाहिए।

बिष्ट ने कहा कि संगठन केवल चुनाव और सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं है, बल्कि विचारधारा, सेवा और समर्पण की यात्रा है। पुराने कार्यकर्ताओं को केवल चुनाव के दौरान याद करने के बजाय उनके सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पद और सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन संगठन के प्रति निष्ठा हमेशा कायम रहती है।

इसी क्रम में उन्होंने जोशीमठ और आसपास के गांवों में पहुंचकर पार्टी के संस्थापक सदस्यों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। कई कार्यकर्ताओं ने संगठन के शुरुआती दिनों के संघर्षों और अनुभवों को साझा किया। बिष्ट वर्तमान में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चमोली एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य होने के साथ जनपद रुद्रप्रयाग के सहप्रभारी का दायित्व भी निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Next Post

बदरीनाथ : हेलंग बाईपास का निर्माण बंद होने से बढ़ी परेशानी, जल्द काम शुरू कराने की मांग

चारधाम होटल एसोसिएशन ने सशक्त राष्ट्र निर्माण पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, आगामी यात्रा सीजन में जाम से राहत दिलाने की उठाई मांग संजय कुंवर बदरीनाथ :  हेलंग-मारवाड़ी बाईपास का निर्माण कार्य पिछले दो माह से बंद होने पर पर्यटन कारोबारियों ने नाराजगी जताई है। चारधाम होटल एसोसिएशन […]

You May Like