लो-वोल्टेज, रेल परियोजना मुआवजा, पेयजल बिल और आर्थिक सहायता के मामले उठे
केएस असवाल गोपेश्वर। जिला सभागार गोपेश्वर में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में 24 फरियादियों ने अपनी समस्याएं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी के सामने रखीं। सीडीओ ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन में देव नेगी ने सरपाणी ग्राम पंचायत में लो-वोल्टेज की समस्या उठाई। इस पर सीडीओ ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को नया प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। पंकज भंडारी ने रेल परियोजना से संबंधित मुआवजे का मामला उठाया। वहीं, होम स्टे के लिए अनुदान मिलने में आ रही दिक्कत पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वीएस राणा ने शौचालय और सोकता से पानी के रिसाव की शिकायत की। इस पर नगर पालिका गोपेश्वर के अधिशासी अधिकारी को मौके पर कैमरा लगाकर रिसाव के स्रोत का पता लगाने और समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए। पिताम्बरी देवी की भवन निर्माण अनुमति संबंधी शिकायत पर उन्हें जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण में नियमानुसार आवेदन करने की सलाह दी गई।
महेशानंद देवराड़ी की आर्थिक सहायता संबंधी शिकायत पर उपजिलाधिकारी और तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई करने, जबकि जयचंद की पेयजल बिल में अनियमितता की शिकायत पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को जांच कर समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बलवंत सिंह की पत्नी का नाम परिवार रजिस्टर में दर्ज कराने की मांग पर जिला पंचायत राज अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
इसके अलावा शांता देवी, बलवंत प्रसाद, पुष्पा किमोठी, जयचंद और सुमन सिंह सहित अन्य फरियादियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक मामले में समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
