गोपेश्वर : राष्ट्रीय एकता दिवस पर चमोली पुलिस ने ली शपथ, तीन पुलिसकर्मी सम्मानित

Team PahadRaftar

एसपी सुरजीत सिंह पंवार को मिला डीजीपी प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर), उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह को गोल्ड डिस्क

गिरीश चंदोला, थराली। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को चमोली पुलिस ने राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया। पुलिस लाइन गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेन्द्र गुंज्याल ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए तीन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल ने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल देश की भौगोलिक सीमाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता, विविधताओं का सम्मान और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से इन मूल्यों को अपने कार्यव्यवहार में अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान सरदार पटेल के देशी रियासतों के एकीकरण और अखंड भारत के निर्माण में दिए गए योगदान को भी याद किया गया।

तीन पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान

समारोह में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर), उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह को गोल्ड डिस्क और मुख्य आरक्षी चंदन सिंह नगरकोटी को सिल्वर डिस्क से सम्मानित किया गया।

इसके बाद डीआईजी ने पुलिस लाइन, आवासीय परिसर और पुलिस कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित सम्मेलन में डीआईजी ने कहा कि पुलिस विभाग में सेवा करना गौरव और आत्मसम्मान का विषय है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ आंतरिक सुरक्षा और आमजन का विश्वास कायम रखना भी पुलिस की अहम जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : 16 साल बाद रांसी गांव में लौटी बगडवाल नृत्य की रौनक, मदमहेश्वर घाटी में भक्तिमय माहौल

जीतू बगडवाल की वीरगाथा का हो रहा गुणगान, लोक संस्कृति और परंपराओं के साक्षी बन रहे ग्रामीण लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। भगवती राकेश्वरी की तपस्थली रांसी गांव में 16 वर्षों बाद पारंपरिक बगडवाल नृत्य का आयोजन हो रहा है। सदियों पुरानी लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी इस परंपरा के […]

You May Like