चमोली : बदरीनाथ से सहस्त्रधारा आ रहा हेलीकॉप्टर हाथी पर्वत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त, छह लोग थे सवार

Team PahadRaftar

मुख्यमंत्री धामी ने दिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश, सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें रवाना

संजय कुंवर चमोली। बदरीनाथ धाम से सहस्त्रधारा हेलीपैड आ रहा ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का सिविल हेलीकॉप्टर शुक्रवार को चमोली जिले के हाथी पर्वत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका है। हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट समेत छह लोग सवार थे। सेना के सिग्नल सेंटर की टीम ने क्षेत्र में हेलीकॉप्टर से धुआं उठते और उसे तेजी से नीचे की ओर जाते हुए देखा। सूचना मिलते ही राज्य सरकार ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने और सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री स्वयं पूरे घटनाक्रम और बचाव अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने भी अधिकारियों से जानकारी लेकर सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन के अनुसार, शुक्रवार अपराह्न करीब दो बजे जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी चमोली से हेलीकॉप्टर के लापता होने और संभावित दुर्घटना की सूचना मिली। इसके बाद सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गईं।

घटनास्थल का पता लगाने और वहां तक पहुंचने के लिए जमीनी तथा हवाई दोनों माध्यमों से सघन अभियान चलाया जा रहा है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के दो हेलीकॉप्टरों की मदद से क्षेत्र की हवाई रेकी की जा रही है। इनमें एक रेकी और दूसरा रिट्रीवर हेलीकॉप्टर शामिल है। इसके अतिरिक्त सहस्त्रधारा से एसडीआरएफ की एक अन्य टीम भी रवाना की गई है।

संभावित घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए एम्स ऋषिकेश, बेस अस्पताल श्रीनगर और संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा गया है। चिकित्सा दलों और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उधर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव गृह शैलेश बगोली और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ भी घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून से विभिन्न बचाव एजेंसियों और चमोली जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल प्राथमिकता घटनास्थल तक पहुंचने और हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों का पता लगाने की है।

Leave a Reply

Next Post

पौड़ी : मिठाई की नारियल बर्फी में मिला कीड़ा, खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए सैंपल

करवा चौथ पर खरीदी थी आधा किलो मिक्स मिठाई, जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई पौड़ी। शहर के बस स्टेशन स्थित एक प्रतिष्ठित मिठाई की दुकान से खरीदी गई मिठाई में कीड़ा मिलने की शिकायत से खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। करवाचौथ के लिए खरीदी गई […]

You May Like