चमोली : जोशीमठ में भालू का हमला, एक ही परिवार के चार लोग गंभीर घायल

Team PahadRaftar

सिंहधार वार्ड में रात तीन बजे की घटना, गाय पर भी किया हमला; वन विभाग के मौके पर न पहुंचने से लोगों में आक्रोश

संजय कुंवर जोशीमठ। सीमांत नगर जोशीमठ में भालू के हमले से दहशत फैल गई। सिंहधार वार्ड में मंगलवार देर रात करीब तीन बजे भालू ने एक ही परिवार के चार लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, देर रात भालू ने सिंहधार वार्ड में परिवार के चार लोगों पर हमला कर दिया। हमले में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान भालू ने एक गाय को भी निशाना बनाया। घटना के बाद से स्थानीय लोग दहशत में हैं और घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं।

वन विभाग के न पहुंचने पर भड़के लोग

घटना के बाद वन विभाग की टीम के मौके पर नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र में भालू के हमले की गंभीर घटना के बावजूद विभाग की ओर से तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ाने और भालू की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

लगातार बढ़ रहे वन्यजीवों के खतरे ने जोशीमठ में लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा वन्यजीवों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

You May Like