ऊखीमठ : शासनादेश के बाद ऊखीमठ में 28 दिन का धरना समाप्त, एक माह में तैनाती की मांग

Team PahadRaftar

स्वीकृत 15 पदों पर नियुक्ति नहीं हुई तो फिर शुरू होगा आंदोलन, धरना समाप्ति से पहले शहीदों को दी श्रद्धांजलि

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ऊखीमठ के उच्चीकरण की मांग को लेकर तहसील परिसर में चल रहा 28 दिवसीय अनिश्चितकालीन धरना रविवार को समाप्त हो गया। शासनादेश मिलने और स्वीकृत 15 पदों पर नियुक्ति का आश्वासन मिलने के बाद आंदोलनकारियों ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि एक माह के भीतर नियुक्तियां नहीं होने पर आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा।

धरना समाप्त करने से पहले आंदोलनकारियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया। साथ ही आंदोलन को समर्थन देने वाले जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रीय जनता का आभार जताया।

शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पारुल गोयल शासनादेश लेकर धरनास्थल पहुंचे थे। अधिकारियों और आंदोलनकारियों के बीच हुई वार्ता में स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण के तहत स्वीकृत 15 पदों पर नियुक्तियों को लेकर चर्चा हुई। शासनादेश के अनुरूप निर्धारित प्रक्रिया से नियुक्तियां सुनिश्चित करने के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त करने पर सहमति बनी।

आंदोलनकारियों ने कहा कि धरना समाप्त होने का अर्थ मांग से पीछे हटना नहीं है। शासनादेश के अनुसार एक माह के भीतर सभी स्वीकृत पदों पर तैनाती की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मदमहेश्वर और तुंगनाथ घाटियों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण बेहद जरूरी है। पर्वतीय क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जनसुरक्षा से जुड़ा विषय है।

आंदोलन के दौरान मातृशक्ति, जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने धरनास्थल पर पहुंचकर मांग को समर्थन दिया। आंदोलनकारियों ने कहा कि अब शासनादेश के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की है। निर्धारित समय में नियुक्तियां नहीं हुईं तो क्षेत्रीय जनता को साथ लेकर फिर आंदोलन छेड़ा जाएगा।

इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, संघर्ष समिति अध्यक्ष राजीव भट्ट, बसन्ती रावत, बलवन्त रावत, आनन्द सिंह रावत, प्रदीप धर्म्वाण, सरला रावत, कर्मवीर कुंवर, महावीर सिंह नेगी, नवदीप नेगी सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि और आंदोलनकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : गौचर में हनुमान ध्वज स्थापना के साथ कामधेनु रामलीला का आगाज

गौचर में कामधेनु रामलीला का शुभारंभ, हनुमान ध्वज स्थापित केएस असवाल गौचर (चमोली)। गौचर में रविवार को जनकल्याण लोकसेवा समिति के तत्वावधान में कामधेनु रामलीला का शुभारंभ हनुमान ध्वज स्थापना के साथ हुआ। इससे पूर्व क्षेत्रपाल रावल देवता और मां कालिका की पूजा-अर्चना की गई। रघुनाथ मंदिर से निकली हनुमान […]

You May Like