चमोली : औली में हिमवीरों ने निकाली वॉकथॉन, दिया फिट रहने का संदेश

Team PahadRaftar

प्रतिदिन आधा घंटा व्यायाम करने का लिया संकल्प, जवानों और उनके परिजनों ने उत्साह से की शिरकत

संजय कुंवर

औली, 11 अक्टूबर। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के औली स्थित माउंटेनियरिंग एवं स्कीइंग संस्थान में रविवार को ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन 7.0’ के तहत वॉकथॉन निकाली गई। इसमें आईटीबीपी के हिमवीरों और उनके परिजनों ने उत्साह के साथ भाग लेकर नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

‘फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा व्यायाम करने का संकल्प लिया। नंदा देवी पर्वत की खूबसूरत वादियों के बीच आयोजित वॉकथॉन के माध्यम से शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक किया गया।

इस दौरान कमान अधिकारी प्रदीप भट्ट और सहायक सेनानी नरेंद्र सिंह रावत ने हिमवीरों और उनके परिजनों को संबोधित करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम से स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ ही जवानों में अनुशासन, आपसी समन्वय और सामूहिक भावना भी मजबूत होती है।

भारत सरकार की ओर से 2 से 31 अक्टूबर तक चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और फिटनेस को दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Next Post

कर्णप्रयाग : सिद्धपीठ नंदादेवी मंदिर में हरियाली डालकर शारदीय नवरात्र का शुभारंभ

अखिलेश सती कर्णप्रयाग : शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन सिद्धपीठ नंदादेवी मंदिर, देवराड़ा स्थित ननिहाल में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर हरियाली डाली गई। नवरात्र के शुभारंभ पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने मां नंदा देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की […]

You May Like