
सगर से पुंग खर्क तक वन विभाग ने निकाली जागरूकता रैली, प्लास्टिक कचरा समेटकर पर्यटकों को दिलाई शपथ
संजय कुंवर
गोपेश्वर। रुद्रनाथ ट्रैक पर पहुंचे पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को वन्यजीव संरक्षण का संदेश देने के साथ ही वन विभाग ने स्वच्छता का संकल्प भी दिलाया। वन्यजीव सप्ताह के तहत केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की गोपेश्वर रेंज ने सगर से पुंग खर्क तक जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान ट्रैक रूट से प्लास्टिक और अन्य कचरा एकत्र किया गया तथा पर्यटकों को वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

उत्तराखंड में दो से आठ अक्टूबर तक वन्यजीव सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम ‘Connecting Habitats, Thriving Wildlife’ यानी ‘आवासों को जोड़ना, फलता-फूलता वन्यजीव’ रखी गई है। इसी क्रम में गोपेश्वर रेंज की ओर से रुद्रनाथ यात्रा मार्ग पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वन क्षेत्राधिकारी भरत सिंह नेगी के नेतृत्व में वन कर्मियों ने सगर से पुंग खर्क तक रैली निकालकर पर्यटकों को वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वन्यजीव संरक्षण केवल वन्य प्राणियों को बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखना भी जरूरी है।

रैली के दौरान वन कर्मियों ने ट्रैक मार्ग से प्लास्टिक गार्बेज और कूड़ा-कचरा एकत्र कर सफाई अभियान चलाया। यात्रियों को उत्तराखंड के राज्य प्रतीकों की जानकारी देने के साथ ही जंगल में प्लास्टिक न छोड़ने और प्राकृतिक वातावरण को नुकसान न पहुंचाने की अपील की गई।
इसके अलावा रुद्रनाथ यात्रा मार्ग पर आवाजाही कर रहे यात्रियों और नेपाली श्रमिकों के सामान की जांच भी की गई। वन विभाग के अनुसार इसका उद्देश्य मार्ग पर नशीले पदार्थों, मादक सामग्री और अन्य अवैध वस्तुओं की आवाजाही पर रोक लगाना है।
कार्यक्रम में वन दरोगा अनूप कुमार पंवार, पृथ्वी सिंह नेगी, जय प्रकाश, दुर्गा सती, विनोद सिंह तथा वन आरक्षी आलोक सिंह, युवराज सिंह और राजेंद्र रावत समेत अन्य वन कर्मी मौजूद रहे।
