
भारी बारिश, आकाशीय बिजली और बर्फबारी की चेतावनी के बाद लिया गया निर्णय; मौसम सामान्य होने पर 28 सितंबर से खुलने की उम्मीद
संजय कुंवर
वैली ऑफ फ्लावर्स/चमोली। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी भारी बारिश, आकाशीय बिजली और बर्फबारी के अलर्ट को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर रविवार 27 सितंबर को चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों की आवाजाही बंद रखी गई। इसके साथ ही चमोली जिले में स्थित विश्व धरोहर फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान को भी पर्यटकों के लिए बंद रखा गया।
फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान के रेंज अधिकारी आशीष जिरवाण ने बताया कि मौसम के लगातार बदलते मिजाज और बारिश को देखते हुए पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर पार्क में प्रवेश बंद रखने का निर्णय लिया गया है। मौसम सामान्य रहने पर 28 सितंबर से फूलों की घाटी को पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मौसम की स्थिति और सुरक्षा मानकों को देखते हुए पार्क में पर्यटकों की आवाजाही को लेकर निर्णय लिया जा रहा है। खराब मौसम के दौरान पर्यटकों को घाटी की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
फूलों की घाटी में सितंबर के दौरान बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। मौसम खराब होने के कारण पार्क बंद रहने से रविवार को पर्यटकों को निराश होकर लौटना पड़ा।
