
डीएम ने सड़क एजेंसियों को मिशन मोड में काम करने के दिए निर्देश, व्यस्त और आबादी वाले मार्गों को मिलेगी प्राथमिकता
केएस असवाल
गोपेश्वर। बारिश के बाद सड़कों पर बढ़े गड्ढों को लेकर प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जनपद की सभी सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने संबंधित सड़क एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में काम करने और तय समय से पहले लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को वीसी हॉल गोपेश्वर में गड्ढामुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग समेत सभी सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों से अब तक की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपलब्ध मशीनरी, मानव संसाधन और अन्य संसाधनों का बेहतर उपयोग कर कार्य में तेजी लाई जाए।
उन्होंने आबादी वाले क्षेत्रों, बाजारों, प्रमुख संपर्क मार्गों और अधिक यातायात वाले मार्गों को प्राथमिकता पर गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, 75 आरसीसी, राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचआईडीसीएल, 123 आरसीसी और 66 आरसीसी के अंतर्गत आने वाली सड़कों की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग को सभी एजेंसियों के साथ नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
नगर निकायों को भी अपने क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति का आकलन कर लक्ष्य निर्धारित करने और समयबद्ध ढंग से काम पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गड्ढे भरने के साथ सड़क मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, अधीक्षण अभियंता राजेश चंद्रा, अधिशासी अभियंता तनुज कम्बोज सहित संबंधित विभागों और सड़क एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।

