गौचर : जिला विज्ञान संगोष्ठी में प्रतिभा रावत ने मारी बाजी

Team PahadRaftar

भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047 पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए विचार, तनिष्का द्वितीय व दिव्यांशु जोशी तृतीय

केएस असवाल

गौचर। पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर में शुक्रवार को जिला स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी-2026 आयोजित की गई। ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित 17 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

प्रतिभागियों ने लिखित परीक्षा और विषय आधारित प्रस्तुतिकरण के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक सोच और अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं डायट प्राचार्य आकाश सारस्वत समेत अन्य अतिथियों ने किया। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने विद्यार्थियों को स्वाध्याय और समयबद्धता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। खंड शिक्षा अधिकारी कर्णप्रयाग अनीनाथ ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

प्रतिभा ने हासिल किया पहला स्थान

प्रतियोगिता में जेएसएन इंटर कॉलेज गैरसैंण की कक्षा 10 की छात्रा प्रतिभा रावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिवांगी पब्लिक स्कूल पोखरी की कक्षा 10 की तनिष्का द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर के कक्षा नौ के छात्र दिव्यांशु जोशी तृतीय रहे।

निर्णायक मंडल में राजकीय पालीटेक्निक गौचर के व्याख्याता अरविंद सिंह रावत, केंद्रीय विद्यालय गौचर के टीजीटी राजकुमार नेगी और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर की प्रवक्ता संगीता रावत शामिल रहे।

जिला विज्ञान समन्वयक गंभीर सिंह असवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, मार्गदर्शक शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रतिभागी और विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : ब्रह्म कमल अर्पित कर दो माह चले देव जागरों का समापन

राकेश्वरी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, शंखध्वनि और जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर ऊखीमठ। मदमहेश्वर घाटी के रांसी गांव स्थित भगवती राकेश्वरी मंदिर में दो माह से चल रहे पौराणिक देव जागरों का शुक्रवार को ब्रह्म कमल अर्पित करने के साथ समापन हो गया। बुग्यालों से लाए गए ब्रह्म […]

You May Like