संजय कुंवर चमोली। जनसेवा और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान शुरू हुआ। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने चमोली में अलकनंदा नदी तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर अभियान का शुभारंभ किया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने भी दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागिता की।
17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के तहत जिले के नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न सेवा, जनजागरूकता और जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के पहले दिन गोपेश्वर के गोपीनाथ मंदिर, चमोली के अलकनंदा घाट समेत मंदिरों, नदी तटों, जलाशयों, अमृत सरोवरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही समाज में सेवा, स्वच्छता, सद्भाव और सामाजिक दायित्व की भावना को मजबूत करना है। विभिन्न विभागों के समन्वय से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘सेवा कार्य’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ समेत कई गतिविधियां होंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर दर्जा मंत्री हरक सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल वर्तवाल, भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र रावत, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
