चमोली : जब मिले धर्म भाई लाटू और मां नंदा, छलछला उठीं श्रद्धालुओं की आंखें

Team PahadRaftar

जब मिले धर्म भाई लाटू और मां नंदा, छलछला उठीं श्रद्धालुओं की आंखें

वाण में बड़ी जात का भावुक पड़ाव, सैकड़ों छंतोलियों और देव डोलियों के साथ उमड़ा आस्था का सैलाब

पहाड़ रफ्तार

गोपेश्वर। पहाड़ की लोक आस्था में कुछ पल ऐसे होते हैं, जिन्हें शब्दों में बांधना मुश्किल होता है। वाण गांव में बुधवार को ऐसा ही भावुक दृश्य देखने को मिला। हिमालय की अधिष्ठात्री मां नंदा की बड़ी जात यात्रा जब धर्म भाई लाटू देवता के धाम पहुंची तो दोनों के मिलन के दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। किसी की आंखों में आंसू थे तो कोई हाथ जोड़कर इस पौराणिक मिलन का साक्षी बन रहा था।

कनोल गांव से आगे बढ़ी बड़ी जात यात्रा के वाण पहुंचते ही पूरा गांव मां नंदा के जयकारों से गूंज उठा। ग्रामीणों ने पारंपरिक लोकगीतों और जागरों के साथ नंदा डोली और देव डोलियों का स्वागत किया। गांव की गलियां और मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भर गए।

सैकड़ों छंतोलियों के साथ पहुंची यात्रा

बड़ी जात में कुरुड़-दशोली की नंदा डोली, बंड की नंदा डोली, ल्वाणी की ज्वाल्पा देवी की डोली, बंड भूमियाल की छंतोली और गेदाणु देवता की छंतोली समेत सैकड़ों छंतोलियां और देव डोलियां शामिल हैं। यात्रा के वाण पहुंचने पर ग्रामीणों ने देव डोलियों के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

कई छंतोलियों ने लाटू देवता मंदिर में रात्रि विश्राम के लिए डेरा डाला। देर शाम तक मंदिर परिसर में जागर और लोकगीतों की गूंज सुनाई देती रही। चारों ओर आस्था का माहौल रहा।

दुर्गम राह पर भी कदम नहीं रुके

मां नंदा की बड़ी जात में शामिल श्रद्धालुओं का कारवां लगातार आगे बढ़ रहा है। कई श्रद्धालु वाण से आगे गैरोली और वेदनी बुग्याल तक पहुंच चुके हैं। दुर्गम पहाड़ी रास्तों के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह कम नहीं हुआ है।

मां नंदा की डोली के साथ चल रहा यह कारवां केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि गढ़वाल की सदियों पुरानी लोक परंपरा, आस्था और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत स्वरूप बन गया है। वाण में लाटू देवता और मां नंदा के मिलन का भावुक क्षण इसी परंपरा की गहरी भावनात्मक कड़ी को सामने लाता है।

Leave a Reply

Next Post

ज्योतिर्मठ : नृसिंह मंदिर में सीएम धामी की दीर्घायु के लिए हुआ स्वस्तिवाचन

बदरीनाथ-केदारनाथ धाम में भी विशेष पूजा-अर्चना, महाभिषेक व रुद्राभिषेक संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर बुधवार को ज्योतिर्मठ स्थित भगवान नृसिंह मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए गए। संस्कृत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने वैदिक मंत्रोच्चार और स्वस्तिवाचन कर मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन […]

You May Like