क्षेत्र पंचायत प्रमुख समेत प्रधान संगठन व सामाजिक संगठनों का समर्थन, मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ के उच्चीकरण की मांग को लेकर तहसील परिसर में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन को क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला, प्रधान संगठन, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों का समर्थन मिला। आंदोलनकारियों ने कहा कि मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला ने कहा कि ऊखीमठ में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं क्षेत्र की मूलभूत जरूरत हैं। पर्वतीय क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण गंभीर मरीजों को उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में पीएचसी का उच्चीकरण जरूरी है।
पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि ऊखीमठ केदारनाथ, मध्यमहेश्वर और तुंगनाथ जैसे प्रमुख तीर्थ मार्गों से जुड़ा है। क्षेत्र की बड़ी आबादी और यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों और पर्याप्त चिकित्सा संसाधनों की व्यवस्था आवश्यक है।
नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने कहा कि पीएचसी के उच्चीकरण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन कार्रवाई नहीं होने के कारण लोगों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा। व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट ने कहा कि शीघ्र ठोस पहल नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक किया जाएगा।
धरने को कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप कंडारी, पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, महेश बर्त्वाल, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, प्रमोद नेगी, बलवंत रावत, गोविंद पुष्वाण, महेंद्र सिंह रावत, जितेंद्र रावत, गोविंद सिंह पंवार, अधिवक्ता वीरेंद्र गोस्वामी समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और ग्रामीणों ने समर्थन दिया।

