चमोली : रामणी में उमड़ा आस्था का सैलाब, नंदा की डोलियों और 80 से अधिक छंतोलियों के साथ कैलाश की ओर बढ़ी बड़ी जात

Team PahadRaftar

लोकगीतों और जागरों से नंदामय हुआ रामणी, हजारों श्रद्धालुओं ने मां नंदा को दी भावुक विदाई

पहाड़ रफ्तार गोपेश्वर। हिमालय की अधिष्ठात्री मां नंदा की बड़ी जात यात्रा में शनिवार को रामणी गांव में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा। नंदा की डोलियों, 80 से अधिक छंतोलियों और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा क्षेत्र नंदामय हो उठा। लोकगीतों और जागरों के बीच श्रद्धालुओं ने मां नंदा की डोली और देव डोलियों को अगले पड़ाव के लिए भावुक विदाई दी।

रामणी से बंड नंदा डोली और कुरुड़-दशोली की नंदा डोली के साथ बंड व दशोली परगने, फर्स्वाण फाट, क्षेत्रपाल और निजमुला घाटी की छंतोलियां कैलाश की ओर रवाना हुईं। बड़ी जात यात्रा रामणी से घुनी, पेडर गांव, चौंधघाट, जोखना गांव होते हुए आला गांव पहुंची, जहां यात्रा का रात्रि विश्राम हुआ। रास्ते में ग्रामीणों ने देव डोलियों और छंतोलियों का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया। आला गांव में ग्रामीण हीरा सिंह सहित ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं और देव डोलियों का स्वागत किया।

रामणी में उमड़ा श्रद्धालुओं का रेला

इस बार बड़ी जात में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने यात्रा को ऐतिहासिक बना दिया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रामणी में 12 वर्ष पूर्व हुई नंदा राजजात के दौरान भी इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु नजर नहीं आए थे। बड़ी जात में शामिल श्रद्धालु आस्था, विश्वास और समर्पण के साथ मां नंदा के कैलाश गमन के साक्षी बन रहे हैं।

तीन दिवसीय नंदा मेले का समापन

रामणी में आयोजित 37वें श्री नंदा लोक सांस्कृतिक पर्यटन विकास मेले का भी शनिवार को समापन हुआ। समापन कार्यक्रम में बंड विकास संगठन के पूर्व अध्यक्ष अतुल शाह मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान देवेंद्र नेगी, अयोध्या हटवाल, जगदंबा हटवाल, लछम सिंह चौहान, मेला अध्यक्ष सूरज पंवार, पूर्व प्रमुख करण सिंह नेगी और ग्राम प्रधान कुंवर लाल समेत कई लोग मौजूद रहे।

मां नंदा पांडव धौलजगरी सांस्कृतिक कला मंच नारंगी, नंदानगर की टीम ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। लोकगीतों, जागरों और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। मेले के समापन के साथ ही रामणी से मां नंदा की बड़ी जात आगे कैलाश की ओर बढ़ गई।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : अस्पताल परिसर में घूम रहे आवारा पशु, मरीजों की सुरक्षा पर सवाल

गिरीश चंदोला थराली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली के परिसर में आवारा पशुओं की आवाजाही से मरीजों की सुरक्षा और अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल परिसर में पशुओं के घूमने से मरीजों और तीमारदारों में चिंता है। स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में आवारा पशुओं […]

You May Like