
वनाग्नि नियंत्रण से लेकर मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने तक रहेंगी प्राथमिकताएं
चमोली। जनपद के तीन प्रमुख वन प्रभागों में नव नियुक्त उप वन संरक्षकों ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। बदरीनाथ वन प्रभाग, केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग और नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क में नए अधिकारियों की तैनाती से वन एवं वन्यजीव संरक्षण कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
बदरीनाथ वन प्रभाग गोपेश्वर में प्रणाली रमेश (भा.व.से.-2023), केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग गोपेश्वर में रजत सुमन (भा.व.से.-2023) और नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क ज्योतिर्मठ में यश ढोबले (भा.व.से.-2024) ने उप वन संरक्षक का पदभार संभाल लिया है।
वनाग्नि प्रबंधन और जैव विविधता संरक्षण पर जोर
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नव नियुक्त उप वन संरक्षकों ने कहा कि वन एवं वन्यजीव संरक्षण, वनाग्नि प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम प्राथमिकता में रहेगा। वन क्षेत्रों की सुरक्षा के साथ विभागीय योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वन संरक्षण कार्यों में स्थानीय समुदायों की सहभागिता बढ़ाई जाएगी। साथ ही आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का उपयोग कर वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण को और प्रभावी बनाया जाएगा।

