ऊखीमठ : तुंगनाथ घाटी में आफत की बारिश, भूस्खलन से बढ़ी मुश्किलें

Team PahadRaftar

कुंड-चोपता हाईवे पर सफर जोखिमभरा, ढिलाणा स्कूल खतरे में, ताला तोक में फिर सक्रिय हुआ भू-धंसाव

लक्ष्मण नेगी, ऊखीमठ। तुंगनाथ घाटी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। क्षेत्र के कई गांवों में भूस्खलन और भू-धंसाव की घटनाओं से लोगों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, कुंड-चोपता राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात बार-बार बाधित हो रहा है। प्रशासन मार्ग को सुचारु रखने में जुटा है, लेकिन लगातार बारिश के कारण हालात सामान्य नहीं हो पा रहे हैं।

सबसे अधिक चिंता प्राथमिक विद्यालय ढिलाणा को लेकर है। विद्यालय परिसर के आसपास लगातार भूमि कटाव होने से भवन खतरे की जद में आ गया है। अभिभावकों और ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर विद्यालय का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कर सुरक्षा दीवार और भू-संरक्षण कार्य शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो विद्यालय भवन को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। वहीं, ग्रामीण प्रेम सिंह के मकान के नीचे भी भूस्खलन होने से भविष्य में मकान पर खतरा मंडराने लगा है।

इधर, कुंड-चोपता राष्ट्रीय राजमार्ग के ताला तोक क्षेत्र में भू-धंसाव एक बार फिर सक्रिय हो गया है। कई स्थानों पर जमीन में दरारें चौड़ी होने लगी हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्राम प्रधान प्रतिपाल बजवाल ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कर स्थायी सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

आपदा की सूचना मिलने पर राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को भूस्खलन एवं भू-धंसाव वाले स्थानों पर तत्काल राहत और सुरक्षा कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही कुंड-चोपता राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा हटाने और मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए अधिकारियों को तेजी से कार्य करने को कहा।

राज्य मंत्री ने कहा कि बरसात के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी आपदा से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार रहें। ग्रामीणों ने उनके समक्ष ढिलाणा विद्यालय की सुरक्षा, ताला तोक में भू-धंसाव के स्थायी समाधान, सुरक्षात्मक दीवारों के निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने की मांग रखी। इस पर उन्होंने सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष योगेंद्र नेगी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव भट्ट सहित विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : ज्योतिर्मठ के प्रधानों ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी

चार साल से लंबित भुगतान और इंटरनेट सुविधा नहीं होने पर नाराजगी, सात सूत्रीय मांगपत्र सौंपा संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। सीमांत विकासखंड ज्योतिर्मठ के ग्राम प्रधानों ने बीपीओ जी. राम जी योजना से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सरकार को अल्टीमेटम दिया है। प्रधान संगठन ने उपजिलाधिकारी के […]

You May Like