मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 22 जुलाई से चोपता में होगा क्रमिक अनशन
ऊखीमठ। तल्लानागपुर क्षेत्र की वर्षों पुरानी जनसमस्याओं के समाधान को लेकर चोपता में विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय नागरिकों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में लंबित विकास कार्यों पर नाराजगी जताते हुए शासन-प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई। चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो 22 जुलाई से चोपता में क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा।

जिला पंचायत सदस्य नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की कई विकास योजनाएं वर्षों से अधूरी पड़ी हैं, जिससे आम लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे प्रमुख मांग राजकीय पॉलिटेक्निक के अधूरे भवन निर्माण को जल्द पूरा करने की रही। वक्ताओं ने कहा कि भवन तैयार होने से क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और उन्हें अन्य क्षेत्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
बैठक में पर्यटन नगरी चोपता में स्थायी एवं व्यवस्थित पार्किंग के निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पर्यटन सीजन में वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनती है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इसके अलावा तुंगनाथ–तल्लानागपुर पेयजल योजना के पुनर्गठन तथा नैणी देवी–तल्लानागपुर पेयजल योजना के दूसरे चरण का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग भी उठाई गई। वक्ताओं का कहना था कि अधूरी पेयजल योजनाओं के कारण कई गांवों में हर वर्ष पेयजल संकट गहरा जाता है।
बैठक में मौजूद सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यदि सरकार और संबंधित विभागों ने शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो 22 जुलाई से चोपता में क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को व्यापक जनआंदोलन का रूप भी दिया जाएगा।
बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास, शिक्षा, पर्यटन और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया गया।
बैठक में जिला पंचायत सदस्य गंभीर बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गोकुल लाल टमटा, प्रधान आजाद खत्री, अखिलेश नेगी, दलीप सजवाण, दिनेश सेमवाल, उत्तम रावत, कविता देवी, साधना देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सम्राट राणा, दिनेश नेगी, निर्मला देवी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मनवर राणा, मगन सिंह नेगी, अर्जुन सिंह नेगी, चंद्र बल्लभ चमोला, अमित प्रदाली, बृजमोहन नेगी, पंचम नेगी, यशपाल रावत, जीत सिंह मेवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष योगम्बर कुनियाल, दीप राणा, गणेश नेगी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
