चमोली : कमल किशोर डिमरी सैकड़ों समर्थकों संग उक्रांद में शामिल, 2027 चुनाव को लेकर भाजपा पर साधा निशाना

Team PahadRaftar

 संजय कुंवर गोपेश्वर : उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की ओर से रविवार को बदरी-केदार मंदिर समिति सभागार में कार्यकर्ता सम्मेलन एवं सदस्यता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व शिक्षक कमल किशोर डिमरी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ उक्रांद की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन के विस्तार और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दिशा में अहम कदम बताया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए कमल किशोर डिमरी ने कहा कि उनका जीवन राज्य आंदोलन और जनसंघर्षों से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हितों की लड़ाई लड़ने के उद्देश्य से उन्होंने क्षेत्रीय दल उक्रांद का दामन थामा है और भविष्य में भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेंगे।

उक्रांद के केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों से सवाल पूछना लोकतंत्र का हिस्सा है। यदि इसे अपराध माना जाता है तो उक्रांद यह “अपराध” बार-बार करेगा। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्हें अपने जनाधार पर भरोसा है तो 2027 का विधानसभा चुनाव बदरीनाथ विधानसभा सीट से लड़कर दिखाएं।

केंद्रीय महामंत्री एवं तराई प्रभारी राजेंद्र बिष्ट ने कहा कि प्रदेश में बदलाव की शुरुआत बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र से होगी और जनता का विश्वास लगातार उक्रांद के प्रति बढ़ रहा है। कार्यकारी अध्यक्ष जेपी उपाध्याय ने कहा कि उत्तराखंड के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए क्षेत्रीय दलों को मजबूत करना जरूरी है।

केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने राज्य आंदोलन के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि लंबे आंदोलन और अनेक बलिदानों के बाद उत्तराखंड राज्य बना है। इसके मूल उद्देश्यों की रक्षा करना सभी प्रदेशवासियों की जिम्मेदारी है। जिलाध्यक्ष युधवीर सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश का युवा अब जागरूक है और बड़ी संख्या में उक्रांद से जुड़ रहा है।

सम्मेलन में राजेश्वरी देवी, किरण डिमरी, मूसली देवी, लक्ष्मी देवी, गणेश काला, दिनेश मास्टर, लुसुन टोडरिया, महिपाल फर्श्वाण, एसपी पुरोहित, केएल शाह, अरुण शाह, पंकज पुरोहित, भगत कुंवर, सुबोध बिष्ट, धर्मेंद्र फर्श्वाण, धीरज बिष्ट, सौरभ नौटियाल, अंकित पंत, सुदर्शन नेगी, सूरज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Post

गोपेश्वर : एसआईआर से बदल रहा उत्तराखंड का चुनावी भूगोल: शहरों से गांवों की ओर लौट रहे मतदाता, बदलेगा 2027 का सियासी गणित?

गोपेश्वर। उत्तराखंड में चल रहा मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान केवल मतदाता सूची का नियमित अपडेट नहीं रह गया है। इसके शुरुआती प्रभाव अब प्रदेश की चुनावी राजनीति में भी दिखाई देने लगे हैं। जिला मुख्यालय गोपेश्वर समेत कई नगर क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मतदाता सत्यापन के दौरान […]

You May Like