केएस असवाल गोपेश्वर। भारत सरकार की वीबीजी रामजी योजना के शुभारंभ पर गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया। साथ ही योजना के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और लाभों की जानकारी प्रतिभागियों को दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि जनपद में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि यह योजना मनरेगा से अलग स्वरूप में संचालित होगी और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से बेहतर समन्वय के साथ योजना को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से लागू करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, मनरेगा श्रमिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को योजना के तहत मिलने वाले लाभ, कार्यों के चयन की प्रक्रिया, क्रियान्वयन व्यवस्था तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और सतत विकास में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए योजना का अधिकतम लाभ उठाने के लिए जागरूक रहने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, परियोजना निदेशक आनंद भाकुनी, भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
