
नारी सतेराखाल में 11 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान संपन्न, पूर्णाहुति के साथ हुआ समापन
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। विकासखंड ऊखीमठ के नारी सतेराखाल स्थित तृतीय केदार स्वरूप भगवान श्री तुंगनाथ एवं मां चंडिका नारी देवी मंदिर परिसर में नौज्युला मंदिर समिति के तत्वावधान में आयोजित 11 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का पूर्णाहुति और श्री संवाद कार्यक्रम के साथ भव्य समापन हो गया। अनुष्ठान में रुद्रप्रयाग सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया।

अनुष्ठान का शुभारंभ भद्र निर्माण, पुरोहितों के आगमन और कलश यात्रा के साथ हुआ। इसके बाद प्रतिदिन पंचांग पूजन, हवन, शिव महापुराण, श्रीमद् देवी भागवत महापुराण एवं श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा-प्रवचन तथा नियमित आरती आयोजित की गई। 26 जून को निकाली गई विशेष जल कलश यात्रा में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। अंतिम दिन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्णाहुति संपन्न कराई गई।
वैदिक अनुष्ठानों का संचालन आचार्य रमेश चंद्र सेमवाल के निर्देशन में विद्वान आचार्यों ने कराया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री तुंगेश्वर महादेव और मां चंडिका नारी देवी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंदिर समिति के अध्यक्ष दीक्षराज रावत, संरक्षक जयकृत सिंह बिष्ट और सत्येन्द्र पाल सिंह बर्त्वाल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष प्रद्युमन सिंह बर्त्वाल, दयाल सिंह रावत, प्रेम सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष प्रकाश वीर सिंह नेगी, सचिव राजमोहन सिंह सजवान सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य, विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

