
बीटेक छात्र ने फंदे से लटककर दी जान, कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पौड़ी। जिला मुख्यालय में बीटेक के एक छात्र ने कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार गहड़ निवासी 18 वर्षीय ओम नेगी वर्तमान में ब्लॉक रोड, पौड़ी में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। मंगलवार शाम उन्होंने अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ओम नेगी में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।
कोतवाली प्रभारी जयपाल नेगी ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

