चमोली : 45 दिन बाद खुला राजेंद्र हत्याकांड का राज, एसआईटी ने ब्लाइंड मर्डर का किया पर्दाफाश

Team PahadRaftar

गुमशुदगी से शुरू हुई जांच, वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण से आरोपित तक पहुंची पुलिस

पहाड़ रफ्तार, गैरसैंण : गुमशुदगी के रूप में दर्ज राजेंद्र सिंह हत्याकांड का आखिरकार 45 दिन बाद चमोली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और विशेष जांच दल (एसआईटी) की गहन पड़ताल के दम पर पुलिस ने हत्या के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपित को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 18 मई को ग्राम देवपुरी (चिनीछानी) निवासी राजेंद्र सिंह घर से काम के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। उनका मोबाइल भी बंद हो गया। परिजनों की सूचना पर गैरसैंण थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर डॉग स्क्वॉड की मदद से तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

23 मई को देवपुरी के घाड़ी गधेरे में राजेंद्र सिंह का शव बरामद हुआ। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस, एफएसएल और फील्ड यूनिट ने जांच के दौरान पाया कि मृतक के दोनों पैर और एक हाथ रस्सी से बंधे थे। मौके से मोबाइल फोन, चप्पल, पानी की बोतल समेत अन्य अहम साक्ष्य भी एकत्र किए गए। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी के मामले को हत्या में बदलते हुए बीएनएस की धारा 103(1) एवं 238 के तहत मुकदमा दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का कई बार निरीक्षण किया, तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया तथा संदिग्धों से गहन पूछताछ की। जांच के दौरान ग्राम देवपुरी निवासी देवेंद्र सिंह पुत्र बलवंत सिंह की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया।

इनकी रही अहम भूमिका

एसआईटी में प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल, उपनिरीक्षक नवनीत भंडारी, एसओजी प्रभारी सतेन्द्र बुटोला, थाना प्रभारी पोखरी निरीक्षक देवेंद्र पंत सहित अन्य पुलिस अधिकारी शामिल रहे। गिरफ्तारी टीम में विवेचक निरीक्षक मनोज सिरोला, अपर उपनिरीक्षक अरुण कुमार, अपर उपनिरीक्षक अनिल आगरी और हेड कांस्टेबल धनपाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Next Post

जोशीमठ : डांगतोली तोक में वृक्षारोपण के साथ वन महोत्सव का शुभारंभ

डांगतोली तोक में वृक्षारोपण के साथ वन महोत्सव का शुभारंभ संजय कुंवर ज्योतिर्मठ (चमोली)। अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग गोपेश्वर के जोशीमठ रेंज की ओर से 1 जुलाई से 7 जुलाई तक आयोजित होने वाले वन महोत्सव के तहत बुधवार को ढाक क्षेत्र के डांगतोली तोक में वृक्षारोपण कार्यक्रम के […]

You May Like