ऊखीमठ : सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसने पर रोक, ल्वारा पंचायत ने लिया फैसला

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : ग्राम पंचायत ल्वारा ने सार्वजनिक कार्यक्रमों और सामुदायिक आयोजनों में शराब परोसने एवं सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। ग्राम प्रधान आशा देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में गांव के विकास, सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण से जुड़े कई प्रस्ताव भी पारित किए गए।

ग्रामीणों ने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में शराब पर रोक से सामाजिक वातावरण बेहतर होगा, आपसी भाईचारा मजबूत होगा और नई पीढ़ी को नशामुक्त समाज का संदेश मिलेगा। बैठक में गांव के सर्वांगीण विकास को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में स्वच्छता अभियान को नियमित रूप से चलाने, पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक पौधरोपण, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का समयबद्ध लाभ पहुंचाने का निर्णय लिया गया। साथ ही युवाओं और महिलाओं की विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

ग्रामीणों ने सामाजिक एकता, पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। यह भी तय किया गया कि पंचायत क्षेत्र में विकास कार्य जनसहभागिता और पारदर्शिता के साथ किए जाएंगे, ताकि ग्राम पंचायत को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा सके।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशामुक्त, स्वच्छ, पर्यावरण-अनुकूल और समृद्ध गांव के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान कैलाश चंद्र पुरोहित, दरवान भट्ट, महेश प्रसाद बगवाड़ी, राजेंद्र प्रसाद शुक्ला, माया बगवाड़ी, पार्वती बगवाड़ी, मोनिका बुटोला, चंद्रवती बुटोला, लक्ष्मी फर्स्वाण, आशा सेमवाल, कविता शुक्ला, मंजू राणा, शीला भट्ट, सुनीता भट्ट, शशि देवी, अनीता देवी, प्रियंका देवी, आशा गुसाईं, पूजा देवी, रघुवीर लाल, मीनाक्षी देवी, लक्ष्मी देवी, रोशनी देवी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : नंदादेवी पार्क में 21 दिन चला जैव विविधता अध्ययन, हिम तेंदुए समेत कई दुर्लभ वन्यजीवों के मिले साक्ष्य

संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। यूनेस्को की विश्व प्राकृतिक धरोहर नंदादेवी राष्ट्रीय पार्क में सात से 28 जून तक चला चतुर्थ नंदादेवी जैव विविधता अनुश्रवण दशकीय अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। अभियान में शामिल वैज्ञानिकों, वन विभाग, आईटीबीपी और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने उच्च हिमालयी क्षेत्र की जैव विविधता, वनस्पतियों, वन्यजीवों […]

You May Like