
जसपाल नेगी पौड़ी। नैनीडांडा ब्लॉक के बढ़ासी गांव में घास लेने जंगल गई एक महिला पर गुलदार ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, महिला जंगल में घास लेने गई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर ग्रामीण उसकी तलाश में जंगल पहुंचे, जहां महिला का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सरकार और वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि क्षेत्र में लगातार गुलदार के हमले हो रहे हैं, लेकिन विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
यूकेडी नेता कुलदीप रावत, कनिष्ठ उपप्रमुख राजू पटवाल और जिला पंचायत सदस्य राहुल बिष्ट ने आरोप लगाया कि गुलदार के लगातार हमलों में ग्रामीण अपनी जान गंवा रहे हैं, फिर भी वन विभाग और प्रशासन कुंभकरणी नींद में सोया हुआ है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में पिंजरे लगाने, गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी या जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
उधर, गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि घटना के बाद वन विभाग की टीमें क्षेत्र में तैनात कर दी गई हैं। गश्त बढ़ाई जा रही है और ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा अकेले जंगल न जाने की अपील की गई है। गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

