बदरीनाथ धाम में विदेशी योगियों ने किया योगाभ्यास, दिया विश्व शांति का संदेश
संजय कुंवर संवाददाता, बदरीनाथ : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भगवान बदरीविशाल की तपोभूमि बदरीनाथ धाम में देश-विदेश के योग साधकों ने योग और ध्यान के माध्यम से स्वस्थ जीवन व मानसिक शांति का संदेश दिया। धाम के आध्यात्मिक स्थल चरणपादुका क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में करीब 10 देशों से आए विदेशी योगियों ने संत रामदास महाराज एवं अन्य संत-महात्माओं के सानिध्य में योगाभ्यास और मेडिटेशन किया।

हिमालय की शांत वादियों में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योग साधकों ने सामूहिक ध्यान कर विश्व कल्याण और मानवता की सुख-समृद्धि की कामना की। विदेशी प्रतिभागियों ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और सकारात्मक बनाने की एक संपूर्ण पद्धति है।
इस अवसर पर संत रामदास महाराज ने कहा कि योग भारतीय ऋषि-मुनियों की वह अमूल्य देन है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन जीने का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर व्यक्ति को आंतरिक शांति प्रदान करता है।
उन्होंने लोगों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक तनाव भी दूर होता है। कार्यक्रम में उपस्थित साधकों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बदरीनाथ धाम में आयोजित यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और योग की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रतीक बनकर उभरा।

