चमोली : जन-जन की सरकार आपके द्वार शिविर में अधिकारियों की कार्यशैली पर भड़के बीकेटीसी उपाध्यक्ष

Team PahadRaftar

जन-जन की सरकार आपके द्वार शिविर में अधिकारियों की कार्यशैली पर भड़के बीकेटीसी उपाध्यक्ष

संजय कुंवर ज्योतिर्मठ : केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सीमांत नगर ज्योतिर्मठ में आयोजित “जन-जन की सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत विशेष बहुउद्देश्यीय शिविर में कई विभागों की कार्यशैली सवालों के घेरे में रही। शिविर के दौरान बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी ने विभागीय समन्वय की कमी तथा प्रस्तावों के लंबित रहने पर संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, वन, बाल विकास, युवा कल्याण तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण भी किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचाने के लिए ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, लेकिन विभागीय लापरवाही और सुस्त कार्यप्रणाली किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने शिविर में उठी जनसमस्याओं को लेकर संबंधित विभागों के उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया, जिसमें लोगों की जांच की गई। कार्यक्रम के अंत में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, प्रधान संघ के पदाधिकारियों, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशा उन्मूलन की शपथ ली।

Leave a Reply

You May Like