चमोली : थराली बाजार में खनन वाहनों का बढ़ा दबाव, लोगों ने जताई हादसे की आशंका

Team PahadRaftar

गिरीश चंदोला थराली। नगर के मुख्य बाजार में उपखनिज से लदे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बाजार से एक साथ कई डंपरों के गुजरने के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था बनाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार चेपड़ो गांव के समीप पिंडर नदी में पिछले करीब दो माह से रिवर ड्रेजिंग का कार्य चल रहा है। इसके चलते दिनभर उपखनिज से भरे डंपर थराली बाजार होकर गुजर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार एक साथ पांच से छह भारी वाहन मुख्य पुल से गुजरते हैं, जिससे पुल की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

व्यापारियों ने बताया कि डंपरों की आवाजाही से उड़ने वाली धूल बाजार के कारोबार को प्रभावित कर रही है। फल, सब्जियां, कपड़े और खाद्य सामग्री धूल की चपेट में आ रही हैं। वहीं बाजार आने वाले लोगों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चलने वाले लोगों में हर समय दुर्घटना का भय बना रहता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस संबंध में कई बार प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने मांग की है कि भारी वाहनों के संचालन के लिए समय निर्धारित किया जाए और एक साथ कई डंपरों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए। साथ ही मुख्य पुल की तकनीकी जांच कराकर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में प्रशासन और संबंधित विभागों से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।

Leave a Reply

Next Post

थराली : अस्पताल के पास जली मिलीं सरकारी दवाइयां, जांच के घेरे में स्वास्थ्य विभाग

थराली, गिरीश चंदोला संवाददाता। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली के समीप बड़ी मात्रा में जली हुई सरकारी दवाइयां मिलने से स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग […]

You May Like