कार्तिकेय मंदिर समिति और व्यापारियों ने की पहल, तीर्थ क्षेत्र में की सफाई
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में मीडिया की भूमिका को सराहा
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। कार्तिक स्वामी तीर्थ के आधार शिविर स्कन्द नगरी में कार्तिकेय मंदिर समिति और स्थानीय व्यापारियों के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तीर्थ क्षेत्र, यात्रा मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर फैले कूड़े-कचरे का निस्तारण कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर सामूहिक संकल्प भी लिया गया।
अभियान में मंदिर समिति के पदाधिकारियों, व्यापार संघ के सदस्यों, स्थानीय युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। प्रतिभागियों ने स्कन्द नगरी और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया। इस दौरान लोगों से प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पदार्थ खुले में न फेंकने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की अपील की गई।
कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने कहा कि कार्तिक स्वामी तीर्थ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। तीर्थ क्षेत्र की स्वच्छता और प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है और इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
मंदिर समिति और स्थानीय व्यापारियों ने विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं पर्यावरणीय आयोजनों की सकारात्मक और व्यापक कवरेज के लिए मीडिया का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि मीडिया के सहयोग से क्षेत्र की गतिविधियों को व्यापक पहचान मिली है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश भी जन-जन तक पहुंच रहे हैं।
समिति के प्रबंधक पूर्ण सिंह नेगी ने कहा कि भविष्य में भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर नियमित अभियान चलाए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्कन्द नगरी को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी, उप प्रबंधक रमेश सिंह नेगी, सचिव बलराम सिंह नेगी, प्रदीप सिंह नेगी, सूरजी देवी, सुरेंद्र सिंह नेगी, राजेश्वरी देवी, चैत सिंह नेगी, पंकज सिंह नेगी, चयन सिंह नेगी समेत मंदिर समिति के पदाधिकारी, सदस्य और व्यापारी मौजूद रहे।

