चमोली : UKSSSC परीक्षा के लिए चमोली में कड़े सुरक्षा इंतजाम, 18 केंद्रों पर विशेष निगरानी

Team PahadRaftar

गोपेश्वर : उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की 14 जून को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय अर्हता परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। गोपेश्वर, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग और गौचर क्षेत्र में बनाए गए 18 परीक्षा केंद्रों के सेंटर सुपरिंटेंडेंट परीक्षा अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकृत रहेंगे।

जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-15 और दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-21 के तहत केंद्र व्यवस्थापकों को विशेष अधिकार दिए गए हैं। वे परीक्षा केंद्र की निर्धारित सीमा में किसी भी अवांछित गतिविधि या आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर सकेंगे।

परीक्षा को नकलविहीन और व्यवस्थित बनाने के लिए संबंधित परगना उपजिलाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 लागू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि स्नातक स्तरीय अर्हता परीक्षा 14 जून (रविवार) को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही परीक्षार्थियों से समय से पहले केंद्रों पर पहुंचने और आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : नंदा राजजात मार्ग पर बिछेगा सोलर रोशनी का जाल, 2.25 करोड़ से लगेंगी 792 स्ट्रीट और 50 हाईमास्ट लाइट

केएस असवाल गोपेश्वर : नंदा राजजात यात्रा-2026 को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए यात्रा मार्ग पर सोलर रोशनी का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसके लिए उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) ने 2.25 करोड़ रुपये से अधिक की […]

You May Like