चमोली : आरटीआई को आमजन तक पहुंचाना आयोग की प्राथमिकता : सूचना आयुक्त

Team PahadRaftar

आरटीआई को आमजन तक पहुंचाना आयोग की प्राथमिकता : सूचना आयुक्त दलीप सिंह कुंवर 

केएस असवाल 

गोपेश्वर। उत्तराखंड राज्य सूचना आयोग के सूचना आयुक्त ने कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम का उद्देश्य आमजन तक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

शनिवार को जिला सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय लोक सूचना अधिकारियों की बैठक में सूचना आयुक्त ने लंबित आरटीआई मामलों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यदि सूचना उपलब्ध होने के बावजूद समय पर नहीं दी जाती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं को पीड़ित की स्थिति में रखकर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास करें। साथ ही आरटीआई के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

सूचना आयुक्त ने अपीलीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरटीआई मामलों की प्रत्येक 15 दिन में समीक्षा की जाए और प्रथम अपील स्तर पर ही अधिकतर मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आरटीआई से संबंधित समस्याएं और शंकाएं भी रखीं, जिनका सूचना आयुक्त ने समाधान किया।

बैठक के बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सूचना आयुक्त को मोमेंटो और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

You May Like