चमोली : 25 दिन में 12.60 लाख श्रद्धालु पहुंचे चारधाम, केदारनाथ में टूटा रिकॉर्ड

Team PahadRaftar

25 दिन में 12.60 लाख श्रद्धालु पहुंचे चारधाम, केदारनाथ में टूटा रिकॉर्ड

22 दिन में 5.23 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन
एक दिन में 80 हजार से ज्यादा यात्रियों के पहुंचने से बढ़ी रौनक
सीएम धामी के यात्रा प्रबंधन से श्रद्धालुओं में बढ़ा भरोसा

केएस असवाल 

देहरादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा इस बार नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। यात्रा शुरू होने के महज 25 दिनों के भीतर ही चारधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 12 लाख 60 हजार के पार पहुंच गई है। सबसे ज्यादा भीड़ केदारनाथ धाम में उमड़ रही है, जहां 22 दिनों में ही 5 लाख 23 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।

चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल को हुआ था। 13 मई तक के आंकड़ों के अनुसार कुल 12,60,478 श्रद्धालु चारों धामों में दर्शन कर चुके हैं। इनमें केदारनाथ धाम में 5,23,582, बद्रीनाथ धाम में 3,24,081, गंगोत्री धाम में 2,05,425 और यमुनोत्री धाम में 2,07,390 श्रद्धालु पहुंचे हैं।

बुधवार को भी चारों धामों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। एक ही दिन में 80,401 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इनमें केदारनाथ में सर्वाधिक 32,423 श्रद्धालु पहुंचे, जबकि बद्रीनाथ में 21,260, यमुनोत्री में 13,403 और गंगोत्री धाम में 13,315 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

कठिन पैदल यात्रा और ऊंचाई वाले क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद केदारनाथ धाम में लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत हुए पुनर्निर्माण कार्यों और राज्य सरकार द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए जाने का असर साफ दिखाई दे रहा है।

प्रदेश सरकार मौसम की स्थिति पर भी लगातार नजर बनाए हुए है। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम खराब होने की स्थिति में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में कोई कमी न रहे। यात्रा मार्गों पर रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग, स्लॉट मैनेजमेंट और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था को प्रभावी बनाया गया है।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2022 से 2025 तक चार वर्षों में 69 लाख 45 हजार 487 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। इससे साफ है कि बाबा केदार के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था हर साल नई ऊंचाई छू रही है।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : केन्द्रीय विद्यालय गौचर का इंटर परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत

केन्द्रीय विद्यालय गौचर का इंटर परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत अर्णव सती ने 93.60 प्रतिशत अंक लेकर किया टॉप केएस असवाल संवाददाता, गौचर : केन्द्रीय विद्यालय गौचर का सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम इस वर्ष भी शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट अंक हासिल किए हैं। परीक्षा परिणाम […]

You May Like