
छात्रों तक नशा पहुंचाने वाला मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
चमोली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लंबे समय से फरार चल रहा था आरोपी
केएस असवाल
कर्णप्रयाग (चमोली) : जनपद में नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कर्णप्रयाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2025 के चरस तस्करी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य सप्लायर बलवीर सिंह उर्फ बल्ली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में चल रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। आरोपी पर आरोप है कि वह छात्रों तक नशा पहुंचाने वाले नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
बीटेक छात्र की गिरफ्तारी से खुला था मामला
03 अक्टूबर 2025 को कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस ने अजय सिंह पिमोली नामक अभियुक्त को 520 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी स्वयं बीटेक का छात्र था और श्रीनगर के छात्रों को नशे के जाल में फंसा रहा था। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार भेजा गया था।
तकनीकी जांच में सामने आया सप्लायर
पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए बैंक ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल खंगाली, जिसमें बलवीर सिंह उर्फ बल्ली का नाम मुख्य सप्लायर के रूप में सामने आया। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
पुलिस टीम ने 05 मई 2026 को घेस-देवाल मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसपी ने दी सख्त चेतावनी
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि जनपद में नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में शामिल टीम
- उप निरीक्षक मानवेंद्र सिंह गुसाईं, चौकी प्रभारी गौचर
- हेड कांस्टेबल प्रदीप बहुखण्डी
- कांस्टेबल संतोष सिंह
- हेड कांस्टेबल दिगंबर सिंह रावत

